
मंडी। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बल्ह भाजपा मंडल ने पार्टी गतिविधियों से नदारद रहने वाले पदाधिकारियों को आगाह किया है। बताया कि लगातार तीन बैठकों में गैर हाजिर पदाधिकारियों की डिमोशन या पद से हटाया जा सकता है। बल्ह भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय रावत, महामंत्री भगवान दास, उपाध्यक्ष पीसी अवस्थी, वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्र सिंह गांधी, मीडिया प्रभारी संदीप अवस्थी, रणवीर सपहिया ने कहा कि बल्ह भाजपा मंडल का कोई भी पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहता है तो पार्टी ऐसे पदाधिकारियों की डिमोशन करेगी या फिर पद से भी हटा सकती है। पार्टी मीटिंग मिस करने वाले पदाधिकारियों पर भाजपा का रुख कड़ा है। बिना किसी ठोस कारणों के पार्टी बैठक में न आना, अनुशासन के दायरे में नहीं आता है।
मीडिया प्रभारी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि लोस चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को भारी मतों की बढ़त मिल सके। पार्टी की बैठक बूथ स्तर से शक्ति केंद्र, विभिन्न प्रकोष्ठों, मंडल और जिला स्तर पर काफी अहम होती है। ऐसे में अगर पदाधिकारी ही नदारद रहते हैं तो स्वाभाविक रूप से संगठन पर बुरा असर पड़ेगा। इस परंपरा को रोकने के लिए बल्ह भाजपा ने यह कड़ा कदम उठाया है। हर माह तीन बार सभी बूथों, प्रकोष्ठों, मोर्चों और मंडल के पदाधिकारियों को आपस में मिलकर बैठक करनी चाहिए, ताकि चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा सके।
