जंजैहली के छतरी में जीप गिरी, दो की मौत

गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी के दुर्गम क्षेत्र छतरी के राणाबाग क्षेत्र के समीप बिठुआं गांव में शुक्रवार देर शाम एक महिंद्रा जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जीप में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से दो घायलों को उपचार के लिए आनी अस्पताल में भर्ती किया गया। मृतकों की पहचान शेर सिंह और दयाल राम निवासी ध्रीण के रूप में हुई है। घायलों में खेम सिंह निवासी ध्रीण और संतोष कुमार निवासी आनी गुगरा शामिल हैं।
छतरी व्यापार मंडल के प्रधान भगवान दास शर्मा ने बताया कि जीप में सवार होकर चारों लोग ध्रीण से छतरी की ओर जा रहे थे कि अचानक बिठुआं गांव के पास जीप खाई में गिर गई। जिसमें सवार दो लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया और दो को जख्मी हालत में आनी अस्पताल भर्ती किया गया। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। सराज के विधायक ठाकुर जयराम और मिल्क फेडरेशन के निदेशक चेतराम ठाकुर ने छतरी में हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है तथा प्रशासन को हर संभव मदद करने की अपील की है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार की फौरी राहत तथा घायलों को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की है।

Related posts