
मंडी। सदर थाना पुलिस ने स्कूलों से मिड-डे-मील का राशन और सिलेंडर चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के पांच गैस सिलेंडर बरामद कर लिए हैं। गिरोह के मुख्य सरगना की निशानदेही पर पुलिस स्कूलों में चोरी अन्य सामान को बरामद करने में जुटी है। पुलिस जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सदर थाना के एसएचओ प्रकाश चंद नेतृत्व पुलिस टीम ने चोर गिरोह के मुख्य आरोपी घाट गांव निवासी खूबे राम को कोर्ट में पेश किया। आरोपी पहले से ही मंडी जेल में सजा काट रहा है और सदर पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर बाहर निकाल कर उसकी निशानदेही पर चोरी हुए पांच सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने बताया कि आरोपी खूबे राम ने पैसे की मजबूरी बताकर कई लोगों को चोरी के सिलेंडर बेच दिए थे।
पुलिस ने शुक्रवार को ही खूबे राम की निशानदेही पर सदर थाने के तहत बाड़ी-गुमाणू प्राइमरी स्कूल के दो और हाई स्कूल से गायब दो सिलेंडर शहर के कुछ ढाबा मालिकों और कुछ अन्य लोगों से वापस लिए हैं। जबकि, पुल घराट स्कूल से चोरी हुआ एक अन्य सिलेंडर भी बरामद किया गया है। जिसे चोर ने पैसे की मजबूरी में एक घर में बेच डाला था। पुलिस को शक है कि जिले के स्कूलों से अन्य चोरियां भी इसी गिरोह ने की है।
सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि शुक्रवार को कुल पांच चोरी किए सिलेंडर बरामद किए गए हैं और आरोपी को अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड भी मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
