नगरोटा में चेन स्नैचर गिरोह सक्रिय

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। त्योहारों और शादियाें का सीजन आरंभ होते ही क्षेत्र में चेन स्नैचर गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले ऐसे लोगों में अधिकतर महिलाएं शामिल होती हैं जो बस अड्डों तथा भीड़भाड़ वाले वाली जगहों में अपने काम को बड़ी सफाई से अंजाम देती हैं।
बीते रोज वीरवार को नगरोटा बगवां के बस अड्डे पर कथित रूप से घटी ऐसी ही एक चेन स्नैचिंग की घटना ने महिलाओं के भय पैदा कर दिया है। क्षेत्र में इससे पूर्व भी चैन स्नैचिंग तथा लोगों के थैलों या बैगों से रुपये निकालने की घटनाएं घट चुकी हैं, लेकिन शिकायतकर्ताओं द्वारा पुलिस कार्रवाई के झमेले में न पड़ने तथा गवाहों के अभाव में ऐसे कामों को अंजाम देने वाली औरतें बच निकलती हैं। पीड़ित व्यक्तियों द्वारा पुलिस में ऐसी घटनाओं की शिकायत दर्ज न करवाने के चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। बताया जाता है कि गिरोह में शामिल औरतें बसों में चढ़ते समय किसी औजार से महिला के गले से सोने की चेन को काटकर अपना काम कर जाती हैं। नगरोटा बगवां पुलिस थाना प्रभारी डीआर राव ने बताया कि वीरवार को भी ऐसी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस द्वारा संदिग्ध महिलाओं से की गई पूछताछ में उनसे कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने बताया कि सोने की चेन पीड़ित महिला के कपड़ों मेें ही थी। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति पुलिस में ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज करवाने को राजी नहीं होते हैं, लिहाजा पुलिस असहाय हो जाती है। उन्हाेंने कहा कि महिलाओं को ऐसी घटनाओं के मद्देनजर स्वयं सतर्क रहना चाहिए।

Related posts