
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। क्षेत्र ज्वालामुखी के अंतर्गत रजोल पंचायत में मां का जागरण देखने आए कुछ युवकों ने देर रात गुंडागर्दी का ऐसा माहौल बनाया कि गांववासी भी सहम उठे। पुख्ता जानकारी के मुताबिक रजोल पंचायत में चल रहे मैया के जागरण में पहुंचे तीन युवकाें ने एक युवक पर ग्रिप और चाकू से हमला कर दिया। इससे युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
बताया जा रहा है कि इस घटना से जागरण में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। पीड़ित बलविंद्र कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी रजोल की शिकायत के अनुसार आरोपियों ने ग्रिप से सिर पर वार किया और चाकू से कमर पर। लेकिन चाकू से किए गए वार से पीड़ित बच गया। बाद में हमलावर युवकों की टोली पीड़ित के घर में पहुंच गई और घर में पंखे व अन्य सामान तोड़ दिया। देर रात हुए इस घटनाक्रम से हर कोई गांववासी सहम गया। पंचायत प्रधान रजोल प्रेमलता शर्मा का कहना है कि जागरण देखने के बहाने आए युवकों की गुंडागर्दी से हर गांववासी सहम गया है। घर में घुसकर सामान तोड़ना सही नहीं है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था कायम रह सके। वहीं पुलिस जांच अधिकारी एएसआई शिव कुमार शर्मा की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित का मेडिकल करवा दिया है। पुलिस गहनता से इस मामले की जांच कर रही है। अभी तक घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आरोपी तीनों युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने धारा 451, 341, 323, 504, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। एसएचओ सुरेन्द्र ठाकुर ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
