
ऊना। उद्योग बंद और उत्पादन ठप करने पर उद्योग विभाग ने 58 उद्योगपतियों को नोटिस जारी किए हैं। इनसे जवाब तलब किया गया है। कई वर्षाें से उद्योग बंद रखने और उत्पादन ठप होने के कारण विभाग ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। उत्पादन बंद होने से राज्य सरकार को भारी राजस्व घाटे का भी तर्क दिया जा रहा है। विभाग की इस कार्रवाई से उद्योगपतियों में हड़कंप की स्थिति है।
विभाग ने मैहतपुर में 30, टाहलीवाल में 22 और गगरेट में छह उद्योगपतियों को नोटिस जारी करके स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। इन उद्योगपतियों को आवंटित प्लाट रद करके विभाग अन्यों को भी जारी कर सकता है। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा ने नोटिस जारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बंद उद्योगों के आनर्स के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है। बताया जा रहा है कि जिले भर में बंद पड़े उद्योगों की संख्या 300 से अधिक है, अन्यों को भी विभाग नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। नोटिस की कार्रवाई से बचे कुछ उद्योगों के बंद होने के पीछे बैंक कर्ज और ब्याज की बढ़ी दरों को भी कारण माना जा रहा है। इनमें कई उद्योग ऐसे भी हैं, जिनमें सीजनल प्रोडक्शन होता है। कई उद्योगपति पैकेज की शेष अवधि का लाभ उठाने के मकसद से उत्पादन ठप रखे हुए हैं। महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा ने कहा कि विभाग उद्योगों की हर तरह की स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि चिन्हित 58 उद्योगों को फिलहाल नोटिस दिए गए हैं। कुछ अन्य उद्योगपतियों को भी जल्द नोटिस जारी हो सकते हैं।
