राजनाथ सिंह को लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत का भरोसा

राजनाथ सिंह को लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत का भरोसा

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को पूरे विश्वास के साथ कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी की विजय होगी। सिंह ने केन्द्र की कांग्रेस सरकार पर बरसते हुए कहा कांग्रेस पार्टी अपनी विफलता से लोगों का ध्यान हटाने की पूरी कोशिश कर रही है और कांग्रेस ही सबसे बड़ी सांप्रदायिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार दोबारा आएगी इसके अलावा राजस्थान और दिल्ली में भी हमारी सरकार बनेगी। सिंह ने कहा कि भाजपा अच्छे प्रशासन और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। देश की जनता केन्द्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के साथ ही कांग्रेस के काम को भी देख रही है तथा जनता ने भाजपा और एनडीए का भी काम देखा है।

उन्होंने कहा कि जनता को मालूम है कि भाजपा ही अच्छा प्रशासन और विकास की राह दिखा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अच्छे प्रशासन और विकास के मुद्दे पर चुनाव नहीं लड़ सकती है इसलिए वह जनता का ध्यान दूसरी ओर ले जाना चाहती है।

Related posts