ट्रक की चपेट में आया कामगार

ट्रक की चपेट में आया कामगार
बद्दी (सोलन)। बरोटीवाला चौक पर ड्यूटी पर जाते समय एक कामगार की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति विश्वनाथ (38) बिहार का रहने वाला था। वे बरोटीवाला में चूल्हा बनाने वाली कंपनी में काम करता था तथा लंबे समय से बरोटीवाला में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने ट्रक को सीज करके चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के जुर्म में मामला दर्ज कर लिया है।
बरोटीवाला में किराए के मकान में रहने वाले एक प्रवासी कामगार सुबह ड्यूटी पर जा रहा था। जैसे ही वह साढ़े सात बजे बरोटीवाला चौक पर पहुंचा तो बैरियर की ओर से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक के अगले हिस्से से टकराने के बाद वह सड़क पर गिर गया। जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे स्थानीय लोगों को मदद से बद्दी के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि यह घटना ट्रक चालक की लापरवाही से हुई है। ट्रक चालक सरकाघाट निवासी जीत राम के खिलाफ पुलिस ने धारा 279 व 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts