
पेड़ के नीचे मिला व्यक्ति का शव
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस को भुड्ड गांव के समीप एक पेड़ के नीचे एक शव मिला है। व्यक्ति के शरीर पर किसी प्रकार की कोई चोट के निशान नहीं है। पुलिस ने शव का नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मूलत: जिला हमीरपुर निवासी मृतक व्यक्ति भुड्ड गांव के समीप एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात था।
बद्दी पुलिस को सोमवार देर सांय साढ़े दस बजे भुड्ड गांव के समीप एक पेड़ के नीचे शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक व्यक्ति के जेब से मोबाइल और दो मैगी के पैकेट मिले। मोबाइल से कॉल करने के बाद मृतक की शिनाख्त हो पाई। मोबाइल से मृतक के बेटे गुरमीत सिंह और भाई सुरेश को फोन किया। सुरेश हरिद्वार में था। जबकि उक्त व्यक्ति का बेटा बागवानियां में किसी उद्योग में कार्यरत है। मृतक व्यक्ति हमीरपुर जिले के भोरंज तहसील के द्रूण पट्टा गांव का रहने वाला है। सूचना मिलते ही बेटा और भाई बद्दी पहुंच गए।
भाई सुरेश ने बताया कि उसका भाई विजय कुमार (42) भुड्ड के समीप कंपनी में तैनात था तथा वहीं पर एक किराये के मकान में रहता था। अपनी पत्नी की मौत के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक ही माना जा रहा है। मृतक के शरीर पर कहीं पर कहीं चोट का निशान नहीं है। जैसे आराम करने के लिए वे पेड़ के नीचे बैठा वहीं पर उसके प्राण निकल गए। पुलिस ने मृतक का बिसरा जांच के लिए फोरेसिंग लैब शिमला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता लग पाएगा।
