
ददाहू (सिरमौर)। मंगलवार को अधिकारियों की संयुक्त टीम की ओर से सिविल अस्पताल ददाहू में की गई जांच के दौरान अस्पताल में मौजूद कुछ खामियों को लेकर सीपीएस विनय कुमार मौजूद स्टाफ पर भड़क गए। विशेष कर जब वह आपरेशन थियेटर में पहुंचे तो वहां मौजूद तथा बिखरे सामान को देख सीपीएस विनय कुमार का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौजूद स्टाफ से सवाल करते हुए पूछा यह अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर है या कोई स्टोर रूम? सीपीएस उस समय अधिक हैरान हो गए जब उन्होंने ओटी रूम में भारी संख्या में ग्लूकोज की बोतलें पड़ी देखी। उन्होंने फौरन चिकित्सा स्टाफ से पूछा जब भारी मात्रा में ग्लूकोज की बोतलें अस्पताल में मौजूद हैं तो इन्हें रोगियों से बाहर से क्यों मंगवाया जाता है? यही नहीं उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि अस्पताल में मौजूद तमाम वस्तुएं सरकारी हैं। जिन पर जनता का अपना हक है।
इसके फौरन बाद सीपीएस ने वन्य प्राणी विहार, झील परिक्रमा मार्ग आदि स्थानों का भी दौरा किया। उन्होंने रास्ते में आने वाली तमाम असुविधाओं के लिए वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ अशोक चौहान को सभी सुविधाएं तैयार करने के आदेश दिए।
