बलद्वाड़ा में दो सड़क हादसों में तीन घायल

बलद्वाड़ा (मंडी)। हटली में मंगलवार को दो सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर है। जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनाें मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पहले हादसे में खुडला के पास बाइक तथा ट्रक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार हेमराज पुत्र प्रदीप कुमार निवासी बलद्वाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एफआरयू बलद्वाड़ा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया है। ट्रक चालक फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। एक अन्य मामले में तलवार के पास नारला में लोनिवि का टिप्पर सड़क से करीब अस्सी मीटर नीचे गहरे नाले में जा गिरा। हादसे में टिप्पर चालक समेत एक बेलदार घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लोनिवि का टिप्पर बजरी से भरा था। अचानक अनियंत्रित होकर नारला के पास सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद घायल टिप्पर चालक नंद किशोर तथा बेलदार दोनों को एफआरयू बलद्वाड़ा में भर्ती करवाया गया। जहां से बेलदार मनोहर लाल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया है। हादसों की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि दोनाें मामले दर्ज कर लिए हैं।

Related posts