राशन डिपुओं में तेल-दालें गायब

धर्मशाला। त्योहार के सीजन में कांगड़ा जिले के डिपुओं में अभी तक तेल और दालों का कोटा नहीं पहुंचा है। इससे उपभोक्ता बाजार से महंगे दामों पर दालें और सरसों का तेल खरीदने को मजबूर हैं। सिविल सप्लाई के गोदामों में चावल और आटे का कोटा जारी हो चुका है। जबकि कुछ डिपुओं में पिछले माह का लंबित राशन उपभोक्ताओं को दे दिया गया है। लेकिन दालें, रिफाइंड, सरसों का तेल अभी तक डिपुओं में नहीं पहुंच पाई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार दालें और तेल की अभी तक सप्लाई नहीं हो पाई है। विभाग की ढीली कार्यप्रणाली के चलते उपभोक्ताओं को बार-बार राशन के लिए डिपुआें के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और निराश होकर लौटना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार कांगड़ा के उपभोक्ताओं को अनुदान पर मिलने वाली दालों के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। उधर, खाद्य आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक एएस तोमर का कहना है कि डिपुओं में जल्द ही पूरे राशन की खेप भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि चीनी, आटा और चावल की खेप जारी कर दी गई है। जबकि दालों और तेल की सप्लाई भी जल्द ही कर दी जाएगी।

कोटा न मिलने से जनता में रोष
प्रदेश सरकार द्वारा पीडीएस योजना के तहत लोगों को अनुदान पर दिए जाने वाले राशन का सही समय पर कोटा न मिलने से लोगों में रोष है। धर्मशाला निवासी सुदर्शन नरूला, सकोह निवासी सरण सिंह, राजेंद्र कुमार, कमल कपूर, सतीश ठाकुर, रामकृष्ण शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, मदन लाल, संदीप महाजन आदि का कहना है कि उन्हें कई महीनों से डिपुओं में नियमित राशन नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले दो महीनों से तेल नहीं मिल पा रहा है। जबकि चीना का कोटा तीन महीनों के बाद मिला।

Related posts