
नूरपुर/बैजनाथ। पुलिस चौकी रैहन के अंतर्गत जसूर-जवाली सड़क मार्ग पर बस-कार की भिड़ंत में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही रैहन पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई सुरजीत सिंह पटियाल, हेड कांस्टेबल दलजीत कटोच व कांस्टेबल सुजान सिंह राणा की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार जसूर-जवाली सड़क मार्ग पर राजा का तालाब के समीप बरोह नामक स्थान पर एक निजी कालेज की बस और कार के बीच भिड़ंत हो गई। इससे कार में सवार 14 दिन की बच्ची समेत पांच लोग जख्मी हो गए। उक्त निजी कालेज की बस (पीबी 06 क्यू 9541) दुनेरा से जवाली की तरफ जा रही थी। हादसे में घायल कार (एचपी 38 वी 8896) में सवार लोग जवाली में शादी से वापस खन्नी जा रहे थे। लेकिन रास्ते में बरोह के पास बस-कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक विनोद महाजन समेत पांच लोग रविकांत, आशा रानी, सुमन कुमारी व नन्ही बच्ची घायल हो गए। घायलों को नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। उधर, पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने कार चालक विनोद महाजन का मेडिकल करवाने के उपरांत बस चालक गणेश पुत्र गोपाल दास निवासी गांव दुनेरा (पंजाब) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वैन ने बाइक को मारी टक्कर, दो घायल
उधर, बैजनाथ थाना के अंतर्गत अवाही नाग मंदिर के पास एक वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दो लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अवाही नाग मंदिर के पास वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार अरविंद दत्त और डिंपल घायल हो गए। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
