बौदेंड़ी और टुंडी वार्ड में कांग्रेस काबिज

चुवाड़ी (चंबा)। भटियात विधानसभा क्षेत्र के टुंड़ी-13 वार्ड के जिला परिषद के उप चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तिलक राज ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रत्याशी सतपाल सिंह को 1415 वोटों से हराया। इस सीट के लिए छह प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें कांग्रेस समर्थित तिलक राज ने 3473, भाजपा समर्थित सतपाल सिंह ने 2058, संदीप सिंह ने 622, सुभाष जरियाल ने 466, देस राज ने 873 व बिमला देवी ने 200 मत हासिल किए। कुल मतों में से 62 मत कैंसिल हो गए। इस उप चुनाव में 15 पंचायतों के 15 हजार 650 मतदाता थे। इनमें केवल 7 हजार 754 मत पड़े थे। चुनाव निर्वाचन अधिकारी अमित मेहरा ने बताया कि उप चुनाव को सफलता पूर्वक करवाया गया है। इसमें सभी ग्रामीणों के साथ-साथ चुनाव में कार्यरत कर्मचारी वर्ग का खासा सहयोग रहा है। उधर, इस जिप वार्ड से पहले सदस्य रहे विक्रम सिंह जरियाल को भाजपा का विधायक बनाने वाली वार्ड की जनता ने इस बार भाजपा समर्थित प्रत्याशी को हराकर बड़ा झटका दिया है। साथ ही उप चुनाव में सरकार के पक्ष में रुझान जाने की बात भी पुख्ता की है। भाजपा ने इस सीट पर लगातार दो बार कब्जा किया हुआ था। तीसरी बार जनता ने विक्रम जरियाल से पहले हार चुके कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को जीत का स्वाद चखाया है। उधर, इस जीत को कांग्रेसी अपने पक्ष में भुनाने में जुट गए हैं। चर्चा है कि भटियात के लोगों ने इस जीत के जरिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को विस चुनावों में मिली हार से मिले जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया है।

इतने मत मिले
कांग्रेस समर्थित तिलक राज को 3473
भाजपा समर्थित सतपाल सिंह को 2058
संदीप सिंह ने को 622 मत मिले
सुभाष जरियाल को 466 मतदान मिला
देस राज ने 873 मत हासिल किए
बिमला देवी को 200 मत मिले

Related posts