दोस्तों संग नहाने गया छात्र ब्यास में डूबा

रक्कड़ (कांगड़ा)। खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद कालेश्वर महादेव मंदिर के निकट ब्यास नदी में दोस्तों संग नहाने गए एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। अभी तक छात्र का कोई पता नहीं चल पाया है। छात्र को ढूंढने के लिए स्थानीय गोताखोर कई दफा ब्यास नदी में गोता लगा चुके हैं। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पुुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अरुण चौधरी (16) पुत्र कुलवंत सिंह निवासी चुधरेढ़ (लोअर सुनहेत) अपने दोस्तों के साथ परागपुर स्कूल में टूर्नामेंट खेलने गया था। वह 11वीं का छात्र है। सोमवार को अरुण अपने आठ दोस्तों के साथ कालेश्वर मंदिर के निकट ब्यास नदी में नहाने चला गया। थोड़ी देर बाद सभी दोस्त नहाने लगे। अचानक अरुण गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अन्य छात्रों ने घटना की जानकारी स्कूल और परिजनों को दी। पुलिस भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों ने अरुण को ढूंढने की काफी कोशिश की। लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डूबे युवक को ढूंढने के प्रयास जारी हैं।

Related posts