सीयू पर भाजपा का हल्ला बोल

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। केंद्रीय विश्वविद्यालय को देहरा से शिफ्ट करने के प्रयास के खिलाफ भाजपा ने देहरा में रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक रविंद्र रवि और विधायक विक्रम ठाकुर के नेतृत्व में तहसील चौक से मिनी सचिवालय तक रैली निकाली।
इस दौरान लोगों ने तख्तियों पर केंद्रीय विवि देहरा में स्थापित हो, देहरा के साथ अन्याय सहन नहीं होगा आदि नारे लिखकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद शहीद भुवनेश डोगरा प्रतिमा के पास इकट्ठा होकर विधायक रविंद्र रवि, विक्रम ठाकुर, पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने लोगों को संबोधित किया। रवि ने कहा कि कांग्रेस सरकार देहरा के साथ अन्याय कर रही है। कांग्रेस सरकार जब भी सत्ता में आती है तो इलाकावाद को बढ़ावा देती है। जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में रहते प्रदेश का समान विकास करवाया। उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल 2010 को एमएचआरडी के निदेशक आरडी सहाय की ओर से तत्कालीन प्रिंसिपल सेक्रेटरी को लिखे पत्र में कहा गया है कि सीयू का मुख्य परिसर देहरा में होगा। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने आते ही देहरा से सीयू शिफ्ट करने का षड्यंत्र रच डाला। वीरभद्र सरकार अपने 10 माह के कार्यकाल में कोई नया विकास कार्य शुरू नही कर पाई है। लेकिन पूर्व में घोषित और निर्माणाधीन संस्थानों को अन्यत्र शिफ्ट करने की कोशिश में लगी हुई है। रवि ने कहा कि सीयू को शिफ्ट करने के प्रयास हुए तो देहरा की जनता कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।

डिपुओं में राशन नहीं, कर्मियों को वेतन नहीं
जसवां-परागपुर के विधायक विक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के दस माह के कार्यकाल में जनता प्रताड़ित हुई है। जनता को डिपुओं में राशन नहीं मिल रहा। बस किराया बढ़ा दिया। गरीब ट्रैक्टर चालकों को तंग किया जा रहा है। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने कहा कि देहरा में सीयू स्थापित होने से रोजगार के नए साधनों का सृजन होगा।

ये रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीप डढवाल, जसवां-परागपुर के हंसराज, जिला महासचिव अरविंद धीमान, बीडीसी अध्यक्ष नीलम कुमारी, कमल हमीरपुरी, अभिषेक पाधा, केडी शर्मा, रूपेंद्र सिंह डैनी, विरेंद्र मनकोटिया, उपेंद्र कुमार और मीडिया प्रभारी सपन सूद आदि उपस्थित रहे।

Related posts