
नई दिल्ली: रेल मंत्रालय ने पहले ही यात्री किराए में बढ़ोतरी का फैसला लिया था, जो आज से लागू हो गया है। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में एसी की सभी श्रेणियों और स्लीपर क्लास के किराए में दो फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। साधारण दर्जे के सेकेंड क्लास के किराए में अधितकम 5 रुपए का इजाफा है जबकि एसी और स्लीपर में 10 रुपए से लेकर 95 रुपए तक किराया बढ़ाया गया है।
रेल किराया भले ही दो फीसदी बढ़ा है, लेकिन राउंड ऑफ सिस्टम का फॉम्र्युला लागू होने से यात्रियों को 66 फीसदी तक ज्यादा किराया देना होगा। सामान्य टिकटों के लिए राउंट ऑफ 5 रुपए का होगा, जबकि रिजर्व टिकटों का राउंड ऑफ 10 रुपए होगा। यात्रियों को अब पैसेंजर ट्रेनों में 11 से लेकर 14 रुपए तक का किराया होने पर 15 रुपए अदा करने होंगे।
इसी तरह 16 से 19 रुपए किराया होने पर 20 रुपए देने होंगे। इससे उन पर दो से लेकर 4 रुपए तक अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। अगर किसी यात्री का टिकट 211 रुपए का है तो उससे 220 रुपए लिए जाएंगे।
