पत्नी से बहस के बाद लगा ली आग

बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के बही गांव के 32 वर्षीय युवक ने पत्नी से बहस के बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को जलाने का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद उसे उपमंडलीय चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सकों ने हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार सतीश कुमार के शरीर का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है।
पुलिस के अनुसार सतीश कुमार की शादी बीड़ निवासी निशा से हुई है और उनके दो बेटियां व एक बेटा है। बताया जा रहा है कि सतीश कथित रूप से शराब के नशे में अकसर निशा से मारपीट करता रहता था और शनिवार शाम को भी सतीश शराब के नशे में घर आया और निशा से बहस करने लगा। यह देखकर निशा शाम को ही घर से चली गई और रातभर घर से गायब रही। रविवार सुबह सतीश ने निशा से घर से गायब रहने का कारण पूछा तो फिर बहस हो गई। इस दौरान निशा ने अपने मायके वालों को बही गांव में बुला लिया और दोपहर बाद मायके वालों के साथ बीड़ चली गई। निशा व उसके परिजन अभी घर से थोड़ी दूर पहुंचे थे कि उनको सतीश के आग लगाने की सूचना मिली।
गांववासियों के अनुसार सतीश ने मिट्टी का तेल छिड़कने के बाद खुद को कमरे में बंद कर दिया था। सतीश के मां-बाप के शोर मचाने पर गांववासियों ने दरवाजा तोड़कर सतीश का बचाव किया। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts