
पालमपुर (कांगड़ा)। गांव बड़सर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला का शव मिला है। महिला के मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार जिया इलाके के गांव बड़सर निवासी कमला देवी (52) 28 सितंबर को नगरी में दवाई लेने आई थी। लेकिन वापस घर नहीं पहुंची। महिला के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनाें ने शिकायत पालमपुर पुलिस में दर्ज कराई थी।
रविवार को गांव के नजदीक जंगल में उसका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला है। जंगल में गए एक व्यक्ति ने इस महिला का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना परिजनों को दी गई। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला के आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। महिला के मायके और सुसराल पक्ष वालों की ओर से कोई शक जाहिर नहीं किया गया है। डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। महिला की मौत कैसे हुई है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। मामले की छानबीन चल रही है।
