
गंगोलीहाट। विकासखंड में पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी बैक डेटेड ब्लैंक चेक जारी होने का मामला पकड़ में आया है। ब्लाक प्रमुख के हस्ताक्षर वाले बैक डेट के चार ब्लैंक चेक और भुगतान संबंधी तमाम प्रपत्र एसडीएम ने जब्त किए हैं।
राज्य समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष (कैबिनेट स्तर) विधायक नारायण राम आर्य ने जन शिकायत के पड़ताल में यह गोलमाल पकड़ा है। आर्य ने बताया कि अनुश्रवण समिति का अध्यक्ष होने के नाते पहले उन्होंने स्वयं पड़ताल की। पड़ताल में मनरेगा के चेक बैक डेट से जारी करने का मामला सामने आया। इंदिरा आवास समेत तमाम योजनाओं में भी अनियमितताएं सामने आने के बाद उन्होंने एसडीएम अनुराग आर्य को मामले की पड़ताल करने को कहा। एसडीएम की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। ब्लाक प्रमुख के हस्ताक्षर वाले कई ब्लैंक चेक बरामद हुए हैं।
एसडीएम अनुराग आर्य ने अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए बताया कि ब्लाक प्रमुख के हस्ताक्षर वाले चार ब्लैंक चेक जब्त किए गए हैं। ब्लॉक में कामों का ऑडिट कराने की संस्तुति डीएम को की जा रही है।
