
हल्द्वानी। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लाइन नंबर 12 निवासी शहनवाज मलिक के तीनों असलहों के लाइसेंस पुलिस ने निरस्तीकरण के लिए भेज दिए हैं। शहनवाज मलिक पर वनभूलपुरा चौकी में ही एक युवक पर लाइसेंसी रिवाल्वर तानने का आरोप है। पुलिस की जांच और एलआईयू की गोपनीय रिपोर्ट के बाद पुलिस ने असलहे निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
शहनवाज मलिक के भाई सबू मलिक का बृहस्पतिवार दोपहर लाइन नंबर पांच निवासी रेहान से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें सबू ने रेहान की पिटाई कर दी थी। शिकायत लेकर जब रेहान वनभूलपुरा चौकी पहुंचा तो पीछे से सबू और कुछ ही देर में शहनवाज भी पहुंच गया था। वहां विवाद होने के बाद शहनवाज ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर रेहान पर तान दी, जिससे चौकी में भगदड़ मच गई। पुलिस ने वहां मामला रफा-दफा कर दिया, लेकिन सूचना के बाद एसएसपी ने मामले की गोपनीय जांच और एलआईयू रिपोर्ट के आधार पर पाया कि शहनवाज पर लगे रिवाल्वर तानने के आरोप सही थे। उन्होंने चौकी पुलिस को विस्तृत जांच कराने एवं सीओ को शहनवाज के रिवाल्वर सहित दो अन्य असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भिजवाने के निर्देश दिए। सीओ लोकजीत सिंह के अनुसार तीनों असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण को भिजवा दिए गए हैं। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
