
सितारगंज। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के डीआईजी पीके दुबे ने हेलीकॉप्टर से ट्रायल लैंड किया और क्षेत्र में तीन राउंड हवाई दौरे कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआईजी दुबे ने कहा कि शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम से एक किमी. की परिधि में आने वाले भवन, जंगल और नदियों में जवान मुस्तैद रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। कल सिडकुल के हेलीड्रोम परिसर में बीएसएसफ व एसएसबी के वाहिनी मुख्यालय की स्थापना, सिरसा-शक्तिफार्म सड़क का शिलान्यास और बिज्टी सड़क का लोकार्पण कार्यक्रम होगा। जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे और मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, एसएसबी और बीएसएफ द्वारा की जा रही तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। शनिवार को सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी पीके दुबे ने पायलट के. पद्भनाभम के साथ एमआई 70 लीग शस्त्र हेलीकॉप्टर से सभा स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। डीआईजी ने हेलीकॉप्टर से करीब आधा घंटे तक हवाई दौरा कर सिडकुल, संपूर्णानंद शिविर (खुली जेल) की भूमि का सर्वे किया। डीआईजी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री शिंदे और सीएम बहुगुणा के कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्था पुख्ता रखी जाएं। संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के लिए कार्यक्रम स्थल के चारों तरफ एक किमी. की परिधि में आने वाले भवन, नदी, जंगल में सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। ट्रायल लैंड के लिए लोनिवि द्वारा बनाए गए दोनों हेलीपेड भी दुरुस्त मिले। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी हरीश चंद्र कांडपाल, उपजिलाधिकारी मनीष कुमार, सीओ आरएस हयांकी, बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट भुवन जोशी, अपर उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, कोतवाल बीएस धोनी आदि थे।
