गोयल के संवाददाता सम्मेलन में नहीं पहुंचे मनोज तिवारी

भोजपुरी गायक मनोज तिवारी पिछले दिनों भाजपा में तो शामिल हो गए, लेकिन शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में शिरकत नहीं कर कई प्रश्न खड़े कर गए।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि तिवारी कहीं जल्दबाजी में तो पार्टी में शामिल नहीं हो गए।

चर्चा यह भी है कि संवाददाता सम्मेलन तो पूर्वांचली विषय को लेकर आयोजित था, लेकिन इसमें न तो दिल्ली के सह प्रभारी आरके सिन्हा को बुलाया गया और न ही पूर्वांचल के बड़े नेताओं को। हालांकि सम्मेलन में पूर्वांचली नेता अमन सिन्हा और अभय वर्मा उपस्थित थे।

मनोज तिवारी को भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल के साथ संयुक्त पत्रकार सम्मेलन आयोजित करना था। बड़ी संख्या में तिवारी को लोग देखने भी पहुंचे थे, लेकिन तिवारी नहीं पहुंचे।

इसके बाद चर्चा गर्म हो गई कि तिवारी को जिस तरह से आनन-फानन में दिल्ली के चुनाव प्रभारी नितिन गडकरी की उपस्थिति में शामिल किया गया, इससे कयास लग रहे हैं कि ऐसा न हो कि वे पार्टी छोड़ दें। गौरतलब है कि वे मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से भी मुलाकात कर चुके हैं।

सूत्रों की मानें तो वे प्रचार के लिए कांग्रेस से कांट्रैक्ट पर भी चर्चा कर चुके थे।

तिवारी को टक्कर दे सकते हैं रवि किशन
मनोज तिवारी के भाजपा में शामिल होने के बाद चर्चा है कि उनको टक्कर देने के लिए कांग्रेस किसी अन्य चेहरे को सामने लाए।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कलाकार रवि किशन पर डोरे डाल रही है, ताकि तिवारी की भरपाई की जा सके।

सोनाक्षी कर सकती हैं प्रचार
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से एक सप्ताह के भीतर प्रचारकों की सूची मांगी है।

इसे देखते हुए भाजपा पूर्वांचली वोटरों को लुभाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा को प्रचार में उतारने की कवायद में जुट गई है।

दिल्ली के सह प्रभारी आरके सिन्हा ने बताया कि 70 में से 27 सीटों पर पूर्वांचलियों की तादाद 20 से 38 फीसदी है। लिहाजा पार्टी मान कर चल रही है कि पूर्वांचलियों को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

सोनाक्षी सिन्हा के चुनाव प्रचार में उतारने के बारे में उन्होंने कहा कि वे घर की बिटिया हैं। जरूरत पड़ी तो उनसे बातचीत की जाएगी और वक्त मिला तो वह दिल्ली जरूर आएंगी।

भोजपुरी गायक मनोज तिवारी भी प्रचार अभियान में बढ़चढ़ कर भूमिका निभाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने भी पूर्वांचलियों को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात कही है।

गौरतलब है कि विधानसभा में पूर्वांचल मोर्चा उत्तम नगर, द्वारका, विकासपुरी, पटपड़गंज, शहादरा, बादली, किराड़ी और घोंडा समेत एक दर्जन सीट पर दावेदारी कर रहा है।

पार्टी नेताओं का कहना है कि कृष्णानगर, त्रिलोकपुरी में पूर्वांचली मतदाताओं की तादाद सबसे अधिक है, लेकिन यह जीती हुई सीट है, लिहाजा यहां से दावेदारी नहीं की जा रही है।

कई नेता भाजपा में शामिल
नई दिल्ली। चुनाव नजदीक आते ही जोड़तोड़ की राजनीति तेज हो गई है।

शनिवार को भाजपा में चांदनी चौक जिला के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष आमोद शर्मा, मुकुंदपुर वार्ड से लोक जनशक्ति पार्टी के पार्षद गुलाब सिंह राठौर, देवली विधानसभा के तिगड़ी वार्ड की निर्दलीय पार्षद सरिता गारबा, बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव फरीद शाह और जेडीयू प्रदेश महासचिव कपूर चंद छिकारा प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।

Related posts