
नई दिल्ली में केशवपुरम इलाके में शुक्रवार देर रात पंजाब पुलिस के एक एसपी ने शराब के नशे में तीन युवकों पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां बरसा दीं।
सीने में गोली लगने के बाद अरुण कुमार (22) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी एसपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी दिल्ली में पंजाब भवन में पांचवीं बटालियन, सुरक्षा में तैनात है। केशवपुरम थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गली नंबर-4 रामपुरा, लॉरेंस रोड निवासी अरुण शुक्रवार देर रात चचेरे भाई हिमांशु और एक युवक के साथ कुत्ता घुमाने गया था।
तीनों को जय माता मार्केट त्रिनगर गली नंबर-2 में शराब के नशे में नरेंद्र (42) मिला। उसने तीनों युवकों से कहा कि वह अपने घर का पता भूल गया है। उसे घर छोड़ दो। तीनों ने मना कर दिया।
आरोप है कि इस बात पर नरेंद्र पुलिसिया अकड़ दिखाते हुए तीनों से गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद पांच मिनट में आने की बात कहकर चला गया।
वापस लौटकर उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से चार गोलियां चला दीं।
एक गोली अरुण के सीने में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
