रामलीला मैदान में बैठेगी ‘आप’ की कैबिनेट

लोकपाल बिल के गर्भ से निकली आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि सरकार बनने के बाद पहला काम लोकायुक्त कानून बनाना होगा।

इसके लिए विशेष सत्र नई दिल्ली के रामलीला मैदान में बुलाया जाएगा। यहां दिल्लीवासियों के बीच कानून पास होगा।

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को मीडिया के सामने कहा कि नई सरकार का गठन 15 दिसंबर तक हो जाएगा।

इसके बाद 29 दिसंबर विधानसभा को सत्र बुलाया जाएगा। तारीख के बारे में अरविंद की दलील थी कि यह वही दिन है, जब संसद में बैठकर सभी पार्टियों ने अन्ना के जनलोकपाल बिल का मजाक उड़ाया था।

यहां तक कि राजनीति प्रसाद नामक एक सांसद ने लोकपाल बिल को राज्यसभा में फाड़ दिया था। केजरीवाल ने एक बार फिर दोहराया कि दिल्ली में इस बार भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।

योगेंद्र बोले अरविंद होंगे सीएम
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली की जनता तय करेगी। उनके लिए यह पद अहम नहीं है।

हालांकि, योगेंद्र यादव ने अरविंद केजरीवाल को आप के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के तौर पर पेश किया।

योगेंद्र ने कहा कि दिल्लीवासियों को केजरीवाल के रूप में एक ईमानदार नेता मिला है और पार्टी ने उन्हें सीएम का उम्मीदवार घोषित किया है। दिल्लीवासियों की भी यही राय है।

Related posts