
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। थाना देहरा के अंतर्गत बड़ूहं गांव में एक बस चालक और उसके अन्य साथियों ने सैन्य अधिकारी समेत दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। आर्मी अफसर व दो अन्य लोग इसमें गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लिंक मार्ग पर बेतरतीब तरीके से बस पार्क करने को लेकर हुए इस विवाद के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक थाना देहरा के तहत गांव बड़ूहं में रास्ते को लेकर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला करके एक ही परिवार के तीन लोगों को घायल कर दिया। एक निजी बस के चालक ने सार्वजनिक रास्ते पर एक बस को खड़ा कर दिया था। इसके चलते गांव की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गया। जब स्थानीय लोगों ने चालक से बस हटाने को कहा तो बस चालक व उसके अन्य साथियों ने उन पर डंडों और रॉड से हमला कर दिया। हमले में उदय पंडित, सत्यवीर और लेफ्टिनेंट अभय भानू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उदय पंडित का बाजू टूटा है और अभय भानू तथा सत्यवीर के सिर पर टांके लगे हैं। सेना से छु़ट्टी पर आए ले. भानू मोटरसाइकिल पर घर की ओर जा रहे थे। एसएचओ धर्मपाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ को टीम रवाना कर दी है।
