
नई दिल्ली: एलओसी के केरन सेक्टर में शाला भाटा गांव में भारतीय सेना और पाकिस्तानी स्पेशल ट्रूप्स के बीच मुठभेड़ आज लगातार 11वें दिन भी जारी है। सेना ने इस ऑपरेशन में दो आतंकवादियों को मार गिराया हैं। इस ऑपरेशन में 268 और 68 माउंटेन ब्रिगेड लगी हुई है। इसके अलावा यूएवी से भी लगातार सर्विलांस किया जा रहा है और हेलीकॉप्टर की मदद भी ली जा रही है। 10 दिन से जारी इस मुठभेड़ में घुसपैठियों को अभी तक खदेड़ा नहीं जा सका है। कल रात यहां पर और सेना भेजी गई है।
जानकारी के मुताबिक, जिस तरीके से घुसपैठिए डटे हुए हैं, उनकी स्थिति करगिल युद्ध जैसी हैं। शाला भाटा नाम के इस गांव के कुछ घरों में करीब 50 घुसपैठिए ने पक्की मोर्चेबंदी की हुई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि पाक फौज की मदद के बिना इतनी बड़ी घुसपैठ नहीं हो सकती। जबकि पाक फौज ने घुसपैठ में अपना हाथ होने से इंकार किया है। सेना का कहना हैं कि घुसपैठ में पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम भी शामिल है। इसलिए इसे करगिल-2 की तैयारी माना जा रहा हैं।
गौरतलब हैं कि पाकिस्तान की तरफ से 23 सितंबर को कुपवाड़ा में उस समय घुसपैठ हुई है, जब न्यूयॉर्क में मनमोहन सिंह और नवाज शरीफ की मुलाकात की तैयारियां चल रही थीं। सूत्रों की मानें तो तकरीबन 17 घरों में बैट के जवान और आतंकवादी छुपे हुए हैं। यही नहीं सेना की माने तो इन लोगों ने इलाके की गुफाओं और जमीन में गड्ढे बनाकर बंकर बना लिया है और वहीं से भारतीय सेना से मुकाबला कर रहे हैं।
