शिक्षक की गैरहाजिर से गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा

बाजपुर। राजकीय प्राथमिक विद्यालय केशोवाला में तैनात एक सहायक अध्यापक पर नियमानुसार विद्यालय न आने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणाें ने हंगामा और सांकेतिक तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र छात्राएं अपने घर चले गये। इसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पर शिकायत कर सप्ताहभर के भीतर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। बृहस्पतिवार सुबह करीब पौने दस बजे दर्जनों ग्रामीण एकत्र होकर विद्यालय पहुंचे। उन्होंने एक सहायक अध्यापक पर नियमानुसार स्कूल न आने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर विद्यालय गेट पर सांकेतिक तालाबंदी की। इस दौरान छात्र छात्राएं शोरगुल कर घर चले गए। ग्रामीणों ने सहायक अध्यापक पर स्कूल न आने के साथ विद्यालय में राजनीति करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि तत्कालीन प्रधानाध्यापक के साथ आरोपी सहायक अध्यापक ने हाथापाई की थी। उक्त शिक्षक पिछले दिनों दस दिन लगातार गैर हाजिर रहा है। मौके एहसान अली, नरेश कुमार, त्रिलोचन सिंह, फिरोज अली, हबीब, शहजाद, जरीफ, सद्दाम, इकबाल, इंद्रजीत आदि थे। इस दौरान इसी परिसर में राजकीय जूनियर हाईस्कूल के बच्चे भी घर चले। इक्का दुक्का बच्चे ही स्कूल में रहे। इधर जिला शिक्षा अधिकारी डा. पीएन सिंह ने कहा कि सहायक अध्यापक के मामले में खंड शिक्षाधिकारी बीएल आर्य से जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts