
नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय के छात्रों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के मुकाबले शरद अवकाश ज्यादा मिलेंगे।
जहां सरकारी स्कूलों में शरद कालीन छुट्टियों के दिन कम हो गए हैं वहीं केवीएस में कोई कटौती नहीं की गई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने वर्ष 2014-15 के लिए अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है।
कैलेंडर के मुताबिक, जम्मू, चंडीगढ़, देहरादून, सिरसा, दिल्ली, आगरा, भोपाल, जयपुर, कोलकाता, गुवाहाटी, सिलचर, तिनसुकिया, लखनऊ, वाराणसी, रांची और पटना क्षेत्र में (वर्ष 2014-15) गर्मी की छुट्टी 14 मई से 22 जून तक रहेगी।
इस तरह कुल 40 दिनों की छुट्टी रहेगी। वहीं शरद अवकाश 28 सितंबर से आठ अक्तूबर तक 11 दिन के होंगे। जबकि इन क्षेत्रों में शीतकालीन अवकाश 23 दिसंबर से लेकर 11 जनवरी 2015 तक 20 दिन के लिए होंगे।
दूसरी ओर अहमदाबाद, मुंबई, बंगलूरू, चैन्नई, हैदराबाद, जबलपुर, रायपुर, इरनाकुलम और भुवनेश्वर में ग्रीष्मकालीन अवकाश 4 मई से 22 जून तक 50 दिन के होंगे। शरद अवकाश 28 सितंबर से आठ अक्तूबर तक होंगे।
वहीं शीतकालीन अवकाश 23 दिसंबर से एक जनवरी 2015 तक केवल 10 दिनों के लिए होंगे। जिन स्थानों पर सर्दियां अधिक पड़ती है उन इलाकों में शीतकालीन अवकाश 51 दिन व 71 दिन के होंगे।
