
शादी के दूसरे दिन दुल्हन कैश के साथ गायब!
बद्दी (सोलन)। हैंडसम और अमीर रणवीर अपनी दादी की पसंद मनप्रीत से शादी कर लेता है। शादी की अगली सुबह रणवीर जब उठा तो मनप्रीत और घर का कैश-ज्वेलरी गायब थी।
भेद खुला कि मनप्रीत अपनी आंटी रज्जो, अंकल गुरजीत और भाई हीरा के साथ मिलकर अमीर लड़कों को ठगती है। रणवीर की मुलाकात दो और लड़कों से हुई, जिन्हें मनप्रीत ने ऐसे ही धोखा दिया था। इस हादसे के बाद रणवीर की दादी का दिल टूट गया। रणवीर दादी से वादा करता है कि वह मनप्रीत को घर वापस लाएगा। रणवीर मनप्रीत की तलाश में निकल जाता है। रणवीर को पता चलता है कि मनप्रीत की फिर से शादी होने वाली है। शादी इस बार माफिया डॉन के साथ हो रही है। क्या रणवीर मनप्रीत को इन हालात में घर वापस ला पाता है… यह आरएसवीपी यानी ‘रोंदे सारे व्याह पिच्छों’ फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा।
‘रोंदे सारे व्याह पिच्छों’ की स्टार कास्ट ने बद्दी में फिल्म का प्रमोशन किया। मैचस्टिक प्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह फिल्म 11 अक्तूबर को रिलीज होगी। फिल्म के डायरेक्टर विजय कुमार अरोड़ा हैं। फिल्म में नीरू बाजवा, हरीश वर्मा, गुग्गू गिल, राजपाल यादव, जसविंदर भल्ला, नवनीत निशान, राणा रणबीर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म की कहानी कॉमेडी, मनोरंजन, एक्शन, एडवेंचर और रोमांस से भरपूर है। कुमार, जी-दीप और याकूब ने गीत लिखे है जिन्हें आवाज लैम्बर हुसैनपुरी, तरन्नुम मलिक, जी-दीप, जसप्रीत जस, नीकिता, संदीप और नवराज हंस ने दी है। फिल्म की शूटिंग अमृतसर और आसपास में हुई है।
