
किराया बढ़ोतरी पर बिफरी भाजपा
सोलन। किराया वृद्धि और बढ़ती महंगाई को लेकर जिला भाजपा ने उपायुक्त चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एडीएम सीपी वर्मा के माध्यम से राज्यपाल उर्मिला सिंह को ज्ञापन भेजकर जल्द किराया बढ़ोतरी को कम करने और महंगाई में लगाम कसने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद राम शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता विरोधी है। आज तक किराये में सबसे अधिक बढ़ोतरी की गई। 30 फीसदी बढ़ोतरी से आम जनता पर बोझ डाल दिया है। वहीं न्यूनतम किराया दो रुपये से बढ़ाकर पांच रुपये कर दिया है। जिसका असर भी हर नागरिक पर पड़ेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार की ओर से लिए गए फैसला जिसमें सरकारी डिपो में मिलने वाली चीनी 6 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी की जा रही है। खाद्य तेलों में 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी, सीमेंट की दरों में 05 रुपये प्रति बैग महंगा करने जा रही है। सरकार महंगाई रोकने में विफल नजर आ रही है। यदि किराया वृद्धि वापस न ली गई और डिपुओं में खाद्य पदार्थों के कीमतें घटाई न गईं तो भाजपा आंदोलन तेज करेगी। धरना प्रदर्शन में सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक नालागढ़ कृष्ण लाल ठाकुर, जिप अध्यक्षा कुमारी शीला, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्षा रितु सेठी, रश्मिधर सूद, राकेश शर्मा, रविंद्र परिहार, पवन गुप्ता, लोकेश्वर शर्मा, शैलेंद्र गुप्ता, बादल नाहर, संजय मलिक, कमल वर्मा, संजय ठाकुर, बलदेव ठाकुर, आशुतोष वैद्य, धर्मेंद्र ठाकुर, कमला शर्मा, मदन मेहता, भरत साहनी, मुकेश शर्मा, कृष्णा ठाकुर, अशोक ठाकुर, नंदराम कश्यप, अमर सिंह ठाकुर, देवेंद्र शर्मा, मदन मेहता, सुरेश वशिष्ठ, विवेक डोभाल, हितेंद्र शर्मा, तिलक राज शर्मा, अनिल चौहान, चंद्रकांत, नसीब चौधरी, नरेंद्र ठाकुर और आके सिंगला भी मौजूद रहे।
