सजा मां बाला सुंदरी का दरबार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नाहन (सिरमौर)। नवरात्र मेले को लेकर महामाया बाला सुंदरी त्रिलोकपुर मंदिर सजधज गया है। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। आग्नेय शास्त्र, विस्फोट सामग्री सहित दूसरे हथियारों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में नारियल चढ़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध है।
बिलासपुर के नैनादेवी की घटना से सबक लेते हुए मंदिर में मां के दर्शन के लिए उतने ही श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश करेंगे, जितनी क्षमता है। किसी भी प्रकार की भगदड़ को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। नवरात्र के दौरान मां बाला सुंदरी मंदिर में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला दंडाधिकारी विकास लाबरू ने आदेश जारी कर कलाअंब स्थित उद्योगों विशेषकर कागज के कारखानों में उत्पादन की पूर्ति के लिए तूड़ी अथवा भूसे से लदे ट्रक एवं ट्रैक्टरों के प्रवेश पर सुबह आठ से रात आठ बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक मजिस्ट्रेट एवं एक पुलिस अधिकारी मौजूद रहेगा। इसके अलावा 250 पुलिस एवं गृहरक्षा जवानों को विभिन्न स्थलों में तैनात किया गया है। 16 सीसीटीवी कैमरे असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं
दो प्लाजमा स्क्रीन पर मां बालासुंदरी के लाइव दर्शन की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में नियंत्रण कक्ष एवं सूचना केंद्र स्थापित किया गया है, जहां श्रद्धालु शिकायत दर्ज कर सकते हैं। श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए किसी भी धातु की वस्तु का वजन करके इसकी रसीद की जाएगी। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Related posts