अदालतों में लंबित मामलों को निपटाने की ट्रेनिंग

मंडी। अदालतों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए इन दिनों उपायुक्त कार्यालय कांफ्रेंस हाल में मिडिएशन (मध्यस्थता) पर न्यायधीशों की 6 दिवसीय कार्यशाला चल रही है। इसमें मंडी, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के जिला एवं सत्र न्यायाधीशों सहित 24 न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। मिडिएशन का प्रशिक्षण देने के लिए अमेरिका में रहने वाले मिडिएशन के विशेषज्ञ डा. शिव कुमार शर्मा विशेष रूप से आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि अदालतों में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए मिडिएशन की प्रक्रिया का लाभ उठाने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। जिससे न्यायिक अधिकारी मिडिएशन की तकनीक का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठा सकें। कार्यशाला 5 अक्तूबर तक आयोजित की जा रही है। जिसमें न्यायिक अधिकारियों को 42 घंटों तक मिडिएशन के बारे में जानकारी दी जाएगी। इससे पहले शिमला में भी इसी तरह की कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है। जबकि, मंडी के बाद धर्मशाला में भी इसी तरह की कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

Related posts