सुपरिंटेंडेंट ने की छात्रा से छेड़छाड़

चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ककीरा के अधीक्षक पर स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने का केस दर्ज किया है। इस मामले को दबाने में आरोपी का साथ देने के आरोप में स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस जानकारी के अनुसार स्कूल अधीक्षक विजय कुमार ने एक अक्तूबर को पीड़ित छात्रा को पानी देने के बहाने अपने कार्यालय में बुलाया और उससे अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान लड़की के शरीर पर निशान भी पाए गए हैं। लड़की ने घर जाकर अपनी सहेली व मां को इस घटना की जानकारी दी। इस पर मां ने दो अक्तूबर को ग्राम सभा में जाकर इस घटना की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को दी। बात फैलने का पता चलने पर स्कूल के प्रिंसिपल ओपी चोपड़ा व आरोपी अधीक्षक ने लड़की के घर जाकर उसकी मां व लड़की पर दबाव डालकर मामला दबाने की कोशिश की। इसका पता चलने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने इसकी सूचना घटना के तीसरे दिन वीरवार को चुवाड़ी पुलिस थाना में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लड़की व उसकी मां के बयान दर्ज करके छेड़छाड़ के आरोपी अधीक्षक के खिलाफ 354 व 506 और स्कूल के प्रिंसिपल ओपी चोपड़ा के खिलाफ परिवार पर शिकायत न करने का दबाव बनाने के चलते आईपीसी की धारा 506 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि एसपी जगतराम ने की है। ककीरा की प्रधान संदीपा गुरंग, उपप्रधान अमर थापा ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts