
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। हरियाणा के कैथल से ट्रक में सवार होकर आ रहे श्रद्धालुओं का ट्रक ढलियारा के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए हैं। जबकि एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को पुलिस की मदद से देहरा स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 35 से 40 महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे। सभी लोग शक्तिपीठ श्री ज्वालाजी में नवरात्रों के लिए लंगर की सामग्री लेकर आ रहे थे। सभी श्रद्धालु हरियाणा के कैथल के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक श्रद्धालु सुबह करीब आठ बजे कैथल से एलपी ट्रक नंबर एचपी 38 ए 9905 में सवार होकर पहले चिंतपूर्णी में माथा टेकने गए। उसके बाद ज्वालाजी के लिए रवाना हुए। लेकिन वीरवार शाम लगभग साढ़े सात बजे ढलियारा के साथ लगते हनुमान मंदिर के तीखे मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में घायल कुल छह लोगों में से कैथल निवासी दर्शन सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। एसचओ देहरा धर्मपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
