
धर्मशाला। शिमला में दो नाबालिग छात्राओं के साथ गैंगरेप मामले के विरोध में एबीवीपी के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने धर्मशाला में आक्रोश रैली निकाली। इसमें धर्मशाला महाविद्यालय और क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कालेज से रैली निकालते हुए छात्र-छात्राएं उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचे। इस दौरान प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही गैंगरेप के आरोपियों को मौत की सजा की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने आरोप लगाया कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए कोई उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके चलते बेखौफ आरोपी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। एबीवीपी के पूर्व एससीए अध्यक्ष आंचल रणौत और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय भेरटा ने कहा कि सरकार से छात्राओं की सुरक्षा के लिए कोई उचित कदम नहीं उठा रही है। अगर छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया गया तो एबीवीपी पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर एबीवीपी की सचिव, एससीए उपाध्यक्ष मनदीप कौर, ममता धीमान, विशाल, पूजा, मोनिका, अल्का कटोच, पूजा शर्मा, शिवानी अत्री, सुषमा राणा, रजनी कपूर, नूतन दीक्षित, मोनिका शर्मा, आशा कुमारी, मुनीष अवस्थी, सचिन शर्मा, अशोक कुमार, प्रवीण कुमार, रंजीत कुमार आदि मौजूद रहे।
शाहपुर में भी एबीवीपी की रैली
शाहपुर (कांगड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने वीरवार को शिमला में हुए गैंगरेप के विरोध में रैली निकाली। इसमें विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताआें ने रैली के दौरान प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कालेज प्राचार्य के माध्यम से उपायुक्त कांगड़ा को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर राही शर्मा, दिव्या कोहली, शिखा, मोनिका, रजनी, अनु पठानिया, अपर्णा, अनुराधा, अंकित आदि उपस्थित रहे।
