
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के सरकारी विभागों के कर्मचारियों को तीन अक्तूबर को भी वेतन नसीब नहीं हो सका है। कर्मचारियों ने तीन अक्तूबर तक भी उनका वेतन बैंक खातों में जमा न होने पर सरकार के प्रति रोष जताया।
प्रो. अश्वनी नेतल का कहना है कि उन्होेंने अपने खाते से भुगतान के लिए चेक दिया हुआ था और अब वेतन के खाते में जमा न होने के कारण यह चेक बाउंस हुआ है। ऐसे ही अन्य कर्मचारी अजय, रामकुमार, राजीव, सुनील, संजय, भुवनेश, डा. अशोक आदि का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों ने अपने-अपने हिसाब से भुगतान के चेक देनदारों को वितरित किए होते हैं। लेकिन अब तक भुगतान न होने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। हर माह के अंतिम दिनो समस्त सरकारी विभागों के डीडीओ अपने-अपने कर्मचारियों के वेतन से संबंधित दस्तावेज ट्रेजरी में जमा करवा देते हैं और बाद में ट्रेजरी के माध्यम से वेतन की मांग करइन दस्तावेजों की एक कापी जिला ट्रेजरी अधिकारी और एक संबंधित बैंकों को प्रेषित कर दी जाती है। इस मर्तबा किसी स्तर पर लापरवाही होने के कारण यह गड़बड़ी पैदा हुई है। कर्मचारियों ने लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उपमंडलीय कोषाधिकारी एस सूद का कहना है कि विभाग की ओर से 26 सितंबर को संबंधित दस्तावेज बैंक को भेज दिए गए हैं। विभाग की ओर से पूरी कार्यवाही कर दी गई है।
