
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर प्रखंड के दीनगांव में 24 सितंबर को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में राजस्व पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक महिला के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए राजस्व पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजस्व पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच पड़ताल जारी है।
दीनगांव के रामलाल की पत्नी चंद्रकला (34 वर्ष) की 24 सितंबर को मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष का कहना था विषाक्त पदार्थ खाने से उसकी मौत हुई है। मृतका के भाई उडरी उत्तरकाशी के महेश और चाचा अनिल शाह ने 25 सितंबर कोे राजस्व पुलिस चौकी दीनगांव में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रामलाल ने ही चंद्रकला को जहर खिलाकर उसकी हत्या की। रामलाल के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध हैं। राजस्व उप निरीक्षक बलराम आर्य ने बताया कि रामलाल को भादवि की धारा 306 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
