चार से होगी कार्यालयों में तालाबंदी

पिथौरागढ़। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने पदोन्नति समेत तमाम मांगों को लेकर चार अक्तूबर से जिलेभर में धरना देने और विभागीय कार्यालयों में तालाबंदी करने का ऐलान कर दिया है।
संघ की जिलाध्यक्ष निर्मला महर के नेतृत्व में जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि प्राथमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों की जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति, कोटीकरण सही करने, अस्थाई व्यवस्था वाले शिक्षकों को नियमित करने समेत नौ सूत्रीय मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। कहा कि मांगों पर कार्यवाही न होने से शिक्षकों में जबरदस्त रोष है। कहा कि चार अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक ब्लाक मुख्यालयों में धरना देने के साथ ही विभागीय कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री करन सिंह सामंत ने बताया कि चार अक्तूबर को विण में, पांच अक्तूबर को मूनाकोट, सात अक्तूबर को कनालीछीना, आठ अक्तूबर को गंगोलीहाट, नौ अक्तूबर को बेरीनाग, 10 अक्तूबर को डीडीहाट, 11 अक्तूबर को मुनस्यारी, 14 अक्तूबर को धारचूला में शिक्षक धरना देंगे।

Related posts