
कपकोट। नगर पंचायत के बजट और कर्मचारियों की व्यवस्था करने की मांग को लेकर अध्यक्ष और सभासद ने देहरादून में नगर विकास मंत्री प्रीतम सिंह पवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर क्षेत्र में आपदा से प्रभावित परिवारों के विस्थापन की व्यवस्था करने, मार्गाें की मरम्मत और डामरीकरण करने, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं को दूर करने की मांग की। अध्यक्ष और सभासद ने विकास के लिए बजट और कर्मचारियों की व्यवस्था भी शीघ्र करने की मांग की। वहां से लौटने के बाद अध्यक्ष चंपा देवी ने बताया कि मंत्री ने उपनल के माध्यम से शीघ्र संविदा कर्मचारी भेजने और भविष्य में नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि यह समस्याएं मुख्यमंत्री के सम्मुख भी रखी गईं। प्रतिनिधिमंडल में सभासद सरस्वती देवी, पूरन दानू, लक्ष्मण राम, लक्ष्मण ऐंठानी, प्रभारी अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत आदि शामिल थे।
