श्यामाकाली मंदिर में फिर सेंधमारी

बलद्वाड़ा (मंडी)। बलद्वाड़ा स्थित श्यामाकाली मंदिर को चोराें ने फिर निशाना बनाया है। चोर मंदिर से जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर गए। हालांकि, इस बार चोरों के हाथ कुछ खास नहीं लगा है। पूर्व में हुई चोरी की घटना के बाद माता के रथ पर ज्यादातर आर्टिफिशियल ज्वेलरी लगाई गई थी, लेकिन चोर गल्ला तोड़कर नकदी चुराने में कामयाब रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ठीक दो माह के अंतराल में चोरों ने दूसरी बार श्यामाकली मंदिर में सेंधमारी की है। गत तीस जुलाई को चोर मंदिर से लाखों की संपत्ति ले उड़े थे। चोराें ने दूसरी बार भी तीस तारीख और सोमवार के दिन ही मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पहले तीस जुलाई सोमवार को ही मंदिर में चोरी हुई थी। मंगलवार सुबह पुजारी वामदेव शर्मा जब मंदिर पहुंचे तो मंदिर के ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने मंदिर के दूसरे पुजारी पितांबर को घटना से अवगत करवाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मंदिर कमेटी प्रधान किशोरी लाल के मुताबिक चोर मंदिर से माता की मूर्ति पर जड़ित आर्टिफिशियल नथ, टीक, माला, चांदी का छत्र, चांदी की चेन सहित गल्ला तोड़कर नकदी ले गए हैं। हटली पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। उधर, एसपी मंडी आरएस नेगी का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हटली पुलिस घटना की जांच कर रही है। आरोपियाें को जल्द पकड़ा जाएगा।

हटली क्षेत्र के मंदिरों में चौथी घटना
हटली क्षेत्र के मंदिरों में चोरी की यह चौथी घटना है, लेकिन पुलिस एक भी मामले का पटाक्षेप अब तक नहीं कर पाई है। चोर श्यामाकाली मंदिर को ही दो बार टारगेट बना चुके हैं। पुलिस की नाकामी चोरों के हौसले को बढ़ा रही है।

पहले हुई थी लाखों की चोरी
30 जुलाई को श्यामाकली मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। उस दौरान चोर मंदिर से चांदी का 60 ग्राम का छत्र, आधा किग्रा चांदी का मुकुट, 10 ग्राम सोने की चेन, 10 ग्राम सोने की टीक, आठ ग्राम सोने की नथ, 250 ग्राम चांदी की राधा-कृष्ण की मूर्तियां तथा गल्ला तोड़कर 5 हजार की नकदी ले उड़े थे। इससे पहले सुहागड़ा देवी और खुडला स्थित जालपा माता मंदिर से भी लाखों की चोरी हो चुकी है।

Related posts