
चुवाड़ी (चंबा)। बस किराया वृद्धि को लेकर एसएफआई व सीपीआईएम ने उपमंडल मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस मौके पर शहर में एक रैली निकाली गई और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। रैली तहसील कार्यालय से निकाली गई और पूरे शहर से होते हुए बस स्टेंड तक पहुंची। इस रैली में ज्यादातर एसएफाआई के कार्यकर्ता शामिल रहे। इस मौके पर सीपीआईएम की जिला सचिव सुदेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार जन विरोधी फैसले ले रही है। बस किराया में वृद्धि करके सरकार ने गरीब जनता पर बोझ डाला है। सरकार ऐसे फैसले ले रही है, जिससे लगता है कि सरकारी नीतियां गरीब जनता के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ किराया वापस नहीं लिया तो सीपीआईएम चरणबद्ध तरीके से लोगों को लामबंद करते हुए विरोध-प्रदर्शन करती रहेगी। एसएफाआई के कैंपस अध्यक्ष सूर्यकांत ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों का एसएफआई विरोध करती रहेगी। सरकार ने कुछ लोगों के हित के लिए गरीब लोगों को राहत देने की बजाय बस किराया बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाल दिया है। कैं पस सचिव करतार ने बताया कि क्षेत्र के छात्र पिछले लगभग एक माह से बस की समस्या से जूझ रहे हैं। सरकार समस्या का समाधान करने की बजाय और दिक्कतें पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना फै सला वापस न लिया तो एसएफआई उग्र आंदोलन छेड़ देगी। इस अवसर पर सुनील कुमार, केवल, चींटू व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
