
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना इंदौरा की चौकी डमटाल के तहत प्रमुख व्यापारिक कस्बे डमटाल में एक ट्रक चालक से मारपीट कर उससे नगदी छीनने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार अमृतसर निवासी रंजीत सिंह पुत्र सरवण सिंह ने डमटाल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने ट्रक नंबर आरजे 13-जे-5603 में माल भरकर मुंबई जा रहा था। अचानक डमटाल की चढ़ाई पर ट्रक का इंजन गर्म हो गया। वह ट्रक रोककर उसे चेक करने लगा कि अचानक एक स्कूटी जेके 08 सी-1774 पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे धमकाया और मारपीट की। साथ ही अज्ञात युवकों ने उसकी जेब से 47 हजार रुपये की नगदी लूट ली। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार में सवार दंपति ने कुछ युवकों द्वारा उसे पीटते हुए देखा तो उन्होंने अपनी कार रोककर बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान तीनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने धारा 382, 324 व 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल ट्रक चालक का पठानकोट के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
