
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के साथ सटे चंद्रखणी, पलचान और कोठी आदि पर्यटन स्थलों में प्रस्तावित करोड़ों की लागत से बनने वाले स्की विलेज मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर भी इसका विरोध हो रहा है। मनाली भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर स्की विलेज से प्रभावित होने वाली करीब नौ पंचायतों पलचान, वशिष्ठ, प्रीणी, जगतसुख, गोजरा, करजां, सोयल और हलाण-एक के ग्रामीणों के साथ मिलकर विरोध जताने की बात कही है।
भाजपा के जिला सचिव एवं पूर्व मंडल महामंत्री अरविंद चंदेल ने कहा कि मनाली बीजेपी न तो स्की विलेज के पक्ष में है और न ही इससे प्रभावित लोगों के हक छीनने देगी। कहा कि जिस स्थल पर स्की विलेज को बनाना है वहां धार्मिक स्थलों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी। दूसरी और मनाली कांग्रेस भी इसके विरोध में है। मनाली ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने साफ किया है कि जो भी प्रोजेक्ट लगेगा उसमें स्थानीय लोगों की राय के आधार ही निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में मनाली कांग्रेस का मत स्थानीय लोगों के साथ है। कहा कि अगर जनता विरोध करती है तो कांग्रेस भी इसका समर्थन करेगी। गौड़ ने कहा कि जनता के हकों और देव स्थलों के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में सहन नहीं होगा।
मनाली खंड देवी देवता कारदार संघ के प्रधान रोशन लाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए इस तरह के प्रोेजेक्टों को बनाना जरूरी है। स्की विलेज किस जगह पर बनाया जाएगा इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। कहा कि संघ चाहता है कि स्की विलेज बनने पर देव स्थलों के साथ छेड़छाड़ न हो।
