किराया वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन

ऊना। प्रदेश सरकार की ओर से बस किराये में वृद्धि और सरकारी राशन डिपुओं में मिलने वाले खाद्य पदार्थों के दामों में की गई वृद्धि को लेकर सीपीआईएम का गुस्सा भड़क उठा है। कीमतों में वृद्धि के खिलाफ सीपीआईएम ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सीपीआईएम ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना भी दिया। सीपीआईएम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव विजय शर्मा ने कहा कि देश में खाद्य वस्तुओं के साथ-साथ अन्य वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऊपर से हिमाचल की वीरभद्र सरकार ने प्रदेश में 30 प्रतिशत किराया वृद्धि के साथ राशन की कीमतों को बढ़ाकर प्रदेश की जनता को और महंगाई के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह कदम अलोकतांत्रिक है। सीपीआईएम के कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय में धरना देने के बाद उपायुक्त अभिषेक जैन के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन भेज कर किराया वृद्धि और खाद्य पदार्थों के दामों में की गई वृद्धि को तुरंत प्रभाव से वापस लेने की मांग की है। इस मौके पर पार्टी नेताओं में ओम दत्ता, गुरनाम सिंह, केके राणा, ओपी सिद्धू, ओमपाल, मंगत राम जोशी, नरेंद्र फौजी, यशपाल राणा, सुखपाल सिंह, एडवोकेट गंभीर सिंह, ब्रह्मानंद, डीके शर्मा व सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts