गुस्से ने उम्र भर का दे दिया जख्म

सुजानपुर (हमीरपुर)। मामूली सी कहासुनी और गुस्से ने परिवार को सदमा दे दिया। आलमपुर पंचायत में हादसे ने क्षेत्र में सबको झकझोर कर रख दिया है। सवाल लोगों के मन में कौंध रहा है कि क्या व्यक्ति छोटी सी कहासुनी पर आपा खो सकता है और इतना बड़ा कदम उठा सकता है। तैश में आकर बहू पर गोली चला दी और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ग्राम पंचायत आलमपुर के वार्ड नंबर दो में रणजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ आंगन में बैठ मक्की खोल रहा था। बहू रंजना सामने कुर्सी पर बच्चे को लेकर बैठी हुई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई और रणजीत सिंह ने तैश में आकर गोली मार देने की बात कही। रंजना ने कहा कि मार दो तो। रंजना की बात से शायद रणजीत सिंह का पारा चढ़ गया और उसने घर में रखी लोडिड बंदूक उठाई और रंजना पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली कान को छूती हुई निकल गई, लेकिन रंजना गंभीर रूप से घायल हो गई।
गुस्से में ही रणजीत सिंह घर से निकले तथा करीब 400-500 मीटर की दूरी पर स्थित शिव मंदिर के पास जाकर उसी बंदूक से खुद को भी गोली मार ली। रणजीत सिंह की जेब से एक कारतूस भी मिला है। पुलिस घटना की सूचना मिलने के पश्चात मामले की छानबीन कर रही है, परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।

Related posts