मुख्याध्यापक पद पर दी जाए पदोन्नति

हमीरपुर। प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ ने मुख्याध्यापकों के रिक्त पदों को पदोन्नति से न भरे जाने पर रोष जताया। पांच साल से मुख्याध्यापकों का एक भी पद पदोन्नति से नहीं भरा गया है। इससे टीजीटी वर्ग के शिक्षकों में रोष पनप रहा है। पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ ने मुख्याध्यापकों को के रिक्त पदों को जल्द पदोन्नति से भरने की मांग की। संघ के जिला अध्यक्ष केवल ठाकुर, महासचिव रवि दास, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप डढवाल ने कहा कि पांच साल के दौरान पदोन्नति से पद नहीं भरे गए है। वर्तमान में करीब 14 हजार टीजीटी तथा 7000 के करीब पदोन्नत प्रवक्ता पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। उनका इंतजार लंबा खिंचता जा रहा है तथा बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की बेरुखी के कारण 7000 पदोन्नत प्रवक्ताओं को 25 वर्ष की सेवा के पश्चात मिलने वाली एकमात्र पदोन्नति से भी वंचित रहना पड़ रहा है। प्रदेश में मुख्याध्यापकों के 848 में से 200 से अधिक पद रिक्त पड़े हुए हैं। स्कूलों में प्रधानाचार्य के 1352 में से 370 पद रिक्त चल रहे हैं। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही स्कूलों में छात्रों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को लागू करने में भी समस्या पेश आ रही है। संघ ने सरकार से मांग की कि जैसे अन्य विभागों में प्लेसमेंट से पदोन्नति देकर रिक्त पदों को भरा जा रहा है, शिक्षा विभाग में भी पात्र शिक्षकों को प्लेसमेंट से पदोन्नति देकर रिक्त पदों को भरा जाए।
संघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जोग राज, उपाध्यक्ष यशवीर जंबाल, हरिमन शर्मा, राजेंद्र सोनी ने कहा कि जल्द ही संघ का प्रतिनिधिमंडल विजय गौतम की अध्यक्षता में मांगों को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेगा।

Related posts