
नाहन (सिरमौर)। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति सिरमौर कमेटी एवं हिमाचल किसान सभा तथा सीपीआईएम ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को रोष प्रदर्शन किया। महिलाओं एवं मजदूरों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक समस्याओं में सुधार की मांग करते हुए जनवादी महिला समिति ने इस दौरान उपायुक्त सिरमौर विकास लाबरू के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर ने कमेटी की ओर से मांग करते हुए कहा कि बढ़ाए गए किराए को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
जनवादी महिला समिति, हिमाचल किसान सभा एवं सीपीआईएम ने मांग करते हुए कहा कि एपीएल राशनधारकों के लिए बढ़ाए गए चीनी के दाम चिंताजनक है। सरकार का यह निर्णय बेहद अलोकप्रिय है। राज्य अध्यक्षा संतोष कपूर ने कहा कि खाद्य एवं सरसों के तेल के दामों में जो बढ़ोतरी की गई है उसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए। यह आम लोगों पर भारी बोझ है। उन्होंने कहा कि राज्य में हरियाणा एवं पंजाब राज्य की अपेक्षा सीमेंट पर भारी टैक्स बढ़ाया गया है जिसे फोरन वापस लिए जाने की मांग की गई है। त्योहार के सीजन में 35 रुपये किलो चीनी देना सरकार का दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। इसे वापस लिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर सचिव सीपीआईएम राजेंद्र सिंह ठाकुर, विश्वनाथ शर्मा, गुरविंदर सिंह, बलदेव सिंह, सतपाल मान, सीता, मनु राणा, आशीष कुमार, मीरा, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिला अध्यक्षा सीता देवी, सचिव अमिता चौहान सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद थीं।
