न्यू शिमला में टारिंग, खलीनी तक लगा जाम

शिमला। न्यू शिमला की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत सोमवार से शुरू हो गई है। टारिंग शुरू होने के पहले ही दिन क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह से लड़खड़ा गई है। बीसीएस चौक से न्यू शिमला सेक्टर एक, खलीनी और विकासनगर तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। जाम से निकलने में आधे से एक घंटा लग रहा है। सुबह और शाम के वक्त स्थिति ज्यादा खराब हो रही है।
न्यू शिमला में करीब सात साल बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू हुआ है। ट्रैफिक को सुचारु रूप से चलाने के लिए सिर्फ पुलिस कर्मी बीसीएस चौक पर तैनात हैं। खलीनी से लेकर विकासनगर तक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहनों के कारण जाम खुलने में ज्यादा परेशानी हो रही है।


गाड़ियां छोड़ बस में करो सफर
न्यू शिमला के पार्षद दीपक रोहाल ने स्थानीय लोगों से कुछ दिन के लिए निजी गाड़ियों की बजाय बस में सफर करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सड़क की मरम्मत जरूरी है। बड़े-बड़े गड्ढे पड़ने से लोगों को ही परेशानी है। ऐसे में जब तक टारिंग का काम हो रहा है तो जितने कम वाहन हो सकें, उतने ही सड़क पर उतारें।

अतिरिक्त पुलिस तैनात करेंगे
डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने कहा कि बीसीएस से खलीनी तक ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि वाहन सुचारु रूप से चलाने में दिक्कत न आए। डीएसपी ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है।

Related posts