नशे की लत ने ले ली बीटेक के छात्र की जान

नेरचौक (मंडी)। बीटेक के छात्र ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। बल्ह क्षेत्र के नेरचौक के एक निजी संस्थान में अपने भाई के साथ बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें नशे को आत्महत्या का कारण छात्र ने बताया है। सूचना मिलते ही बल्ह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक छात्र के कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
नेरचौक के एक निजी इंजीनियरिंग संस्थान से बीटेक की शिक्षा ले रहे एक छात्र ने सोमवार को कमरे में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ढांगू, जिला हमीरपुर निवासी सुशील कुमार (21) पुत्र किशोर चंद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मृतक सुशील कुमार तथा उसका छोटा भाई वीरेंद्र कुमार नेरचौक स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कालेज से बीटेक फाइनल ईयर के छात्र हैं। दोनों भाई नेरचौक में किराये के मकान पर रहते थे। सोमवार को वीरेंद्र कुमार कॉलेज गया था। सुशील कॉलेज नहीं गया और कमरे में ही रहा। वीरेंद्र कुमार जब कॉलेज से वापस कमरे में लौटा तो दरवाजा बंद था। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से न कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी वहां आ गए। दरवाजा तोड़ने के बाद अंदर देखा तो सुशील कुमार फंदे से लटका हुआ है। इसकी सूचना बल्ह थाना पुलिस को दी गई। बल्ह थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। पुलिस को कमरे में सुसाइड नोट भी मिला। मृतक सुशील कुमार ने यह सुसाइड नोट 11:59 बजे लिखा है। इसमें लिखा है कि मैं नशे की गहरी लत में पड़ चुका हूं और नशे का आदी हो चुका हूं। इससे जिंदगी में आगे बढ़ना मुमकिन नहीं है। माता-पिता को उसके इस कदम से झटका तो जरूर लगेगा, लेकिन उसे माफ करें। बल्ह थाना प्रभारी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts